असोथर। थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली बीए की छात्रा ने छेड़छाड़ से तंग आकर सोमवार को कुएं में छलांग लगा दी। छात्रा ने कई बार शिकायत अपने परिजनों से की थी। लोकलाज के चलते परिजन कोई कदम नहीं उठा रहे थे। पीड़ित छात्रा के परिजनों का आरोप है कि गांव निवासी छात्रा को कालेज आते जाते गांव का रहने वाला मोहित
छेड़छाड़ करके शादी के लिए दबाव बनाता था। छात्रा को इस बर्ताव से अक्सर गुजरना पड़ रहा था। परिजनों की चुप्पी से शोहदे का मन बढ़ता जा रहा था। सोमवार को छात्रा ने घर के समीप कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से उसे जिंदा निकाल लिया। छात्रा को चोटें लगी हैं। बाद में छात्रा के भाई की तहरीर पर पुलिस ने छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष हेमराज सरोज ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश में छापे मारी की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।