अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। शहर के कृष्ण बिहारी नगर में बैनामा लेखक और कलक्टरगंज में पोस्टमैन के घर से रविवार रात चोरों ने लाखों का माल पार कर दिया। दोनों परिवार दिवाली मनाने गांव गए थे। पड़ोसियोें ने उन्हें चोरी की जानकारी दी। एक ही रात दो घरों में चोरी से पुलिस गश्त की पोल खुल गई है।
पांच दिन पहले वर्मा चौराहा के सुंदर नगर में रिटायर्ड शिक्षक अवधेश नारायण श्रीवास्तव के घर करीब सात लाख की चोरी हुई थी। यह परिवार भी त्योहार मनाने गांव गया था। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया तहरीर मिली है। पुलिस को खुलासे के लिए लगाया गया है।
मूल रूप असोथर निवासी मनोज कुमार श्रीवास्तव पुरानी तहसील में बैनामा लेखक हैं। छोटा भाई अतुल भी परिवार के साथ कृष्ण बिहारी नगर की नई कालोनी मेें रहता है। अतुल ने बताया कि दिवाली पर दोनों भाइयों का परिवार गांव गया था। सोमवार की सुबह पड़ोसियों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा होने की जानकारी दी।
गांव से आए तो चोरी की जानकारी हुई। बड़े भाई के कमरे के दरवाजे का कुंडा तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए और बक्से को तोड़कर सोने की चेन, अंगूठी और मंगलसूत्र, दो जोड़ी चांदी की पायल उठा ले गए।
चोरों ने बगल के कमरे का भी ताला तोड़ दिया। यहां बक्से में रखे 75 हजार रुपये उठा ले गए। इसके बाद अन्य कमरे की रखी अलमारी के सेफ को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए।
उधर, असोथर थाना क्षेत्र के घनघौल गांव निवासी मीना देवी पोस्टमैन हैं। ये परिवार के साथ कलक्टरगंज की नई बस्ती में रहती हैं। इनका भी पूरा परिवार दिवाली मनाने के लिए गांव गया था। सोमवार को पड़ोसी ने चोरी की जानकारी दी। चोर गेट फांदकर घर में घुसे और दरवाजे के बगल में लगे जंगले की सरिया काटकर कमरे में दाखिल हुए।
कमरे में रखे बक्से का भी ताला तोड़ दिया। मीना कुमारी के बड़े बेटे गुड्डन ने बताया चोर लैपटॉप, मोबाइल, सोने की अंगूठी, चांदी का कटोरा, तीन जोड़ी पायल, आठ कीमती साड़ियां और दो हजार रुपये उठा ले गए।
5. कलक्टरगंज नई बस्ती में पोस्टमैन के घर के जंगले की काटी गई सरिया।
6. पोस्टमैन के घर में चोरी के बाद बिखरा सामान।
10. कृष्ण बिहारी नगर की नई कालोनी में बैनामा लेखक के घर चोरी के बाद बिखरा सामान।
11. बैनामा लेखक के दरवाजे का काटा गया कुंडा।
बैनामा लेखक और पोस्टमैन के घर चोरी
ताला तोड़ और जंगला काटकर ले गए लाखों के जेवर, रुपये और सामान
दोनों परिवार दिवाली मनाने गए थे गांव, पड़ोसियों से मिली चोरी की जानकारी