फांसी के फंदे पर लटकती मिली बीए की छात्रा
जहानाबाद। थाना क्षेत्र के नयागंज क्योटरा मोहल्ले में रविवार की शाम शिवानी (17) का घर में ही फांसी के फंदे पर शव लटका मिला। परिजन आत्महत्या किए जाने की बात कह रहे हैं। पुलिस वजह को लेकर मामला संदिग्ध मान रही है।
शिवानी कुरील पुत्री गुरु प्रसाद जहानाबाद थाना क्षेत्र के नयागंज क्योटरा गांव निवासी थी। वह दिलीप कुमार डिग्री कालेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। मां सोमवती ने बताया कि वह शाम को दूसरी मंजिल पर स्थित रसोईघर में चाय बनाने गई थीं। बेटी घर के नीचे मवेशियों को चारा लगाने आई थी।
काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी। इसके बाद वह नीचे कमरे में पहुंचीं। कमरे में बेटी को दुपट्टे के फंदे से लटके देखा। चीख पुकार सुनकर पड़ोस के लोग पहुंचे। सूचना पर सब्जी की दुकान छोड़कर पिता भी आ पहुंचे। पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शिवानी की एक बड़ी और एक छोटी बहन है।
छह दिन पहले छात्रा अपने कमरे में बंधक हालत में मिली थी। पहले परिजनों ने पड़ोस के ही एक युवक पर घर में घुसकर बेटी को बंधक बनाने का आरोप लगाया था। बाद में समझौता कर लिया था। एसएचओ अनंत प्रसाद तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन किसी पर आरोप लगाते हैं तो कार्रवाई होगी।
- घर में छह दिन पहले बंधक मिली थी , मामला संदिग्ध, पुलिस छानबीन में जुटी