एक लाख के जेवर व नगदी चोरी
फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर डाकबंगले के पास गुरुवार की भोर ताला तोड़कर चोर एक घर से एक लाख की कीमत के जेवर व 50 हजार रुपये चुरा ले गए। परिवार के लोग भोर में तीन बजे घर में ताला लगाकर निकले थे। घटना की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला निवासी इश्तियाक कार चालक हैं। इन्होंने अपने भाई का सऊदी अरब से नौकरी का वीजा मंगवाया था। भाई को भेजने के लिए यह परिवार के साथ कार से लखनऊ एयरपोर्ट बुधवार की भोर तीन बजे रवाना हुए थे। इनके पास सुबह करीब छह बजे पड़ोसी का फोन पहुंचा। पड़ोसी ने घर के बाहर गेट का ताला टूटा पड़े होने की खबर दी। परिवार के सदस्य करीब नौ बजे वापस आए। इन्होंने पुलिस को खबर दी। घर के अंदर कमरों में लगे ताले व अलमारी का लॉकर टूटा मिला। इश्तियाक ने बताया कि 50 हजार की नगदी और करीब एक लाख के जेवर चोरी हुए हैं। कोतवाल सुनील कुमार सिंह और चौकी इंचार्ज इजहार अहमद मौके पर जांच करने पहुंचे।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
- भोर में तीन बजे निकला था परिवार, छह बजे मिली सूचना
अमर उजाला ब्यूरो