अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। डीएम कुमार प्रशांत ने जिले भर में डंप मौरंग की जांच के आदेश दिए हैं। तीनों तहसीलों के एसडीएम व प्रभारी मौरंग की जांच कर तीन दिन के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। मौरंग डंप की यह जांच दूसरी बार कराई जा रही है। उधर, ऐरई घाट के मौरंग खनन पर हो रही कार्रवाई ठप पड़ गई है। वहां घाट पर भी सन्नाटा पसरा है।
डीएम ने बताया कि कहां कितनी मौंरग डंप है, मौरंग की मालिक कौन है इसकी जांच एसडीएम करेंगे। डंप मौरंग का रवन्ना है या नहीं इस सभी बिंदुओं की जांच करने के बाद एसडीएम आख्या तैयार करेंगे। अगर बिना रवन्ना की मौरंग पाई जाती है, तो मौरंग स्वामी भी कार्रवाई के दायरे में आएंगे।
उन्होंने बताया कि ऐरई घाट में बड़ी तादाद में अवैध मौरंग खनन की पुष्टि होने के बाद दोबारा डंप मौरंग की जांच कराने का निर्णय लिया गया है। इसके पहले भी एक बार डंप मौरंग की जांच कराई गई थी। इस बार की जांच में कई नए बिंदु शामिल किए गए हैं।
तहसीलों में डंप मौरंग के जांच के आदेश
डीएम ने कहा कि नए सिरे से निगरानी कर दें रिपोर्ट