नगरा। प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभार्थियों से धनउगाही के मामले में पुलिस ने ग्राम पंचायत निकासी के प्रधान पति के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। प्रकरण में खंड विकास अधिकारी ने पुलिस को तहरीर दिया था। औचक निरीक्षण में सीडीओ से लाभार्थियों ने धन उगाही की शिकायत की थी।
विकास खण्ड नगरा के ग्रामपंचायत निकासी में बीते सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी सन्तोष कुमार प्रधानमंत्री आवास योजना की औचक निरीक्षण करने के लिए गांव में पहुंचे थे। निरीक्षण में चार लाभार्थियों ने आवास के नाम पर पात्र होने धन उगाही की सीडीओ से शिकायत की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने बीडियो नगरा उपेंद्र कुमार पाठक को जांच करने का आदेश दिया था। जांच के बाद शिकायत में लगाए गए आरोप सही मिलने पर मुकदमा पंजीकृत कराने का निर्देश दिया।
बीडीओ को जांच में आरोप सही मिलने पर गुरुवार को प्रधानपति धनंजय सिंह के विरुद्ध बीडिओ ने तहरीर दी। बीडीओ को तहरीर पर पुलिस भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर ली है। प्रधानपति के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत होने से प्रधानों में हड़कंप मचा हुआ है। इस बाबत पूछे जाने पर निकासी ग्राम प्रधान सीमा सिंह ने कहा कि गांव की राजनीति के चलते गलत आरोप के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया गया। मेरे पति को फंसाया जा रहा है।