खागा। नक्सारा गांव में समाधि स्थल को तोड़कर मिट्टी का अवैध खनन करने के मामले में खागा पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। साथ ही पुलिस ने मौके से चार ट्रैक्टर भी पकड़े, जिन्हें सीज कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खागा कोतवाली क्षेत्र के गणेशदासपुर गांव निवासी बृजेश सिंह पुत्र धर्मपाल ने शनिवार रात कोतवाली पुलिस को सूचना दिया कि नक्सारा गांव स्थित उसके माता-पिता की समाधि स्थल को तोड़कर कुछ लोगों ने अवैध मिट्टी खनन शुरू कर दिया है। यह सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रभुनाथ यादव पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां पर खनन कर रहे लोग भाग खड़े हुए। पुलिस ने मौके से चार खाली ट्रैक्टर पकड़े और उन्हें लाकर सीज कर दिया। बृजेश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने नक्सारा गांव के चार लोगों के खिलाफ समाधि स्थल तोड़कर भावनाओं को आहत करने के आरोप में एफआईआर लिखी है।
समाधि स्थल तोड़कर किया मिट्टी खनन
- चार ट्रैक्टर सीज, चार पर एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो