सेल्समैन के सिर पर फोड़ी बियर की बोतल
फतेहपुर। शहर के पक्का तालाब इलाके में फ्री में बोतल न देने पर एक बियर शॉप के सेल्समैन के सिर पर गुरुवार रात युवकों ने बियर की बोतल फोड़ दी। सेल्समैन के लहूलुहान होने पर लूटपाट कर आरोपी भाग निकले। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शहर के वर्मा चौराहा मोहल्ला निवासी संजय श्रीवास्तव बियर शॉप में सेल्समैन हैं। यह रात को दुकान बंद करने जा रहे थे। तभी दो बाइकों पर सवार चार-पांच युवक पहुंचे। संजय ने बताया कि आरोपी दुकान में आते ही गाली गलौज करने लगे। इन्होंने बियर की बोतल मांगी। रुपये मांगने पर आरोपी भड़क उठे।
खाली बियर की बोतल सिर पर मारकर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद लात घूंसों से पीटने लगे। ठेके से हजारों की नगदी व बियर की बोतलें लेकर फरार हो गए।
संजय लहूलुहान हालत में साइकिल से बाकरगंज चौकी पहुंचे। लहूलुहान देखकर पुलिस ने संजय को जिला अस्पताल भेज दिया। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों को वह पहचानता है। यह पहले नउवाबाग, मलवां, शहर में शराब की दुकानों में घटनाएं कर चुके हैं।
चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार यादव घटनास्थल पर जांच करने पहुंचे। चौकी इंचार्ज ने बताया कि बियर के रुपये न देने के विवाद में सेल्समैन से घटना हुई है। अराजकतत्वों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
- लूट का भी आरोप, आरोपी पहले भी कर चुके घटनाएं