बांदा-टांडा हाईवे पर सोमवार रात करीब 11 बजे ट्रक और लोडर की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद ओवरलोड मौरंग लदा ट्रक लोडर पर पलट गया। पुलिस और आसपास के लोगों की दो घंटे की मशक्कत के बाद लोडर में फंसे चालक को घायल और खलासी को मृत हालत में बाहर निकाला जा सका। इस दौरान यातायात बाधित रहा।
कानपुर रेल बाजार निवासी आजम (25) लोडर चालक हैं। उन्होंने बताया कि रेल बाजार के ही खलासी मोहम्मद हुसैन लोडर में खलासी थे। कानपुर से प्लाईबोर्ड का भाड़ा लेकर बांदा जा रहे थे। ललौली के सिधांव के पास सामने से मौरंग लदे ट्रक ने लोडर में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने लोडर अनियंत्रित होकर खंती में चला गया। लोडर पर ही ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। दतौली चौकी इंचार्ज बीबी सिंह मौके पर पहुंचे। जेसीबी बुलाकर राहत कार्य शुरू कराया। जेसीबी ने ट्रक की मौरंग हटाई।
इसके बाद हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक हटाकर लोडर निकाला गया। गैस कटर से काटकर लोडर में फंसे चालक और खलासी के शव को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान बांदा और बहुआ तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। थानाध्यक्ष आलोक पांडेय ने बताया कि लोडर के खलासी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।