चौडगरा। डेयरी प्लांट मालिक के घर का ताला तोड़कर रविवार रात चोरों ने साढ़े नौ लाख का सामान चोरी कर लिया। मौके पर शाम को फील्ड यूनिट पहुंची। घटनास्थल की जांच की गई। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी शिवदत्त पांडेय का फैक्टरी एरिया में चौडगरा में दूध और दूध उत्पादों का प्लांट है। प्लांट से करीब दो किलोमीटर दूर गांव है। वह परिवार के साथ पहली मंजिल पर बने आवास में परिवार के साथ रहते हैं। नीचे बड़े भाई श्रीपाल पांडेय का परिवार रहता है। गृहस्वामी शिवदत्त पांडेय रविवार को परिवार के साथ ससुराल सहली थाना मलवां गए थे।
बड़े भाई श्रीपाल पांडेय सोमवार सुबह उठे। मेन गेट का ताला टूटा देखा। उसके बाद भाई के कमरों का ताला टूटा देखा। कमरे खोले तो सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने भाई शिवदत्त और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे शिवदत्त ने बताया कि चोर सोने का 10 तोले का हार, तीन अंगूठी, झुमकी, दो जोड़ी कान के बाले, मांग बेदी जेवरात चुरा ले गए हैं। इसके अलावा एक लाख 30 हजार रुपये चोरी हुई। जेवरात करीब आठ लाख कीमत के हैं। सारा माल अलमारी का लॉकर तोड़कर चोरी हुआ है। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कमरे को बंद कराया। फील्ड यूनिट की टीम बुलाई। टीम ने फिंगर प्रिंट के नमूने लिए। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।