बिंदकी (फतेहपुर)। फिल्मी अंदाज में लुटेरी दुल्हन की कहानी सामने आई है। पुलिस ने शातिर युवती की साथी दो महिलाओं समेत तीन को सोमवार दोपहर धोखाधड़ी, चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
हरियाणा के करनाल शहर निवासी प्रमोद कुमार 29 सितंबर को मोबाइल पर बात करने वाली एक युवती से शादी करने बिंदकी आए थे। शादी के बाद युवती मौसी से मिलने का झांसा देकर जेवर, नकदी लेकर भाग निकली थी। पुलिस एफआईआर दर्ज कर जांच में जुटी थी। पुलिस ने जहानाबाद थाना क्षेत्र के बचनीपुर निवासी हरिबाबू विश्वकर्मा उर्फ हरिनारायण, बचनीपुर निवासी इंद्रराज की पुत्री सुखरानी, जाफरगंज थाना क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी बूंदीलाल निषाद की पत्नी पिंकी निषाद को पकड़ा है।
कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि तीनों को जेल भेजा गया है। इन्होंने पूछताछ में बताया कि बांदा के तिंदवारी थाना क्षेत्र के राजापुर के पचरौड़ा गांव निवासी पूजा ही युवती राजा है। वह गैंग की मास्टरमाइंड है। वही युवकों को जाल में फंसाती है। यह सारे लोग जागरण मंडली में गाने और बजाने का काम करते हैं।
राजा का दूसरा साथी मनोज है। वह भी बांदा का रहने वाला है। दोनों फरार हैं। युवकों के जाल में फंसाने के बाद शादी के बहाने बुलाते हैं। शादी के दौरान युवती के रिश्तेदार बनकर ये लोग पहुंचते हैं।