हुसैनगंज। भैंस चुराने के लिए पतहापर गांव आए गिरोह के सरगना को ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया। उसके साथी लोडर में भैंसों को लादकर भाग गए। ग्रामीणों ने पकड़े गए व्यक्ति को पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के पतहापर गांव निवासी महेंद्र सिंह का घर गांव किनारे हैं। घर के पास उन्होंने मवेशी बांधने के लिए बाड़ा बना रखा है। जहां दो भैंसें बंधी थीं। शनिवार रात एक लोडर से कुछ चोर वहां पहुंचे और दोनों भैंस खोलकर गाड़ी में लादने लगे। मवेशी लोडर में चढ़ने के दौरान आवाज करने लगे तो चोरों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। मवेशी की आवाज सुनकर महेंद्र सिंह व अन्य लोग जाग गए। इस पर लोडर को लेकर चोर भागने लगे।
ग्रामीणों ने उन्हें दौड़ा लिया और रात में ही मथैयापुर चौराहे के पास एक व्यक्ति को पकड़ने में सफल रहे। व्यक्ति की पहचान हथगाम थाना क्षेत्र के चक भुनगापुर निवासी नफीस के रूप में हुई। ग्रामीणों ने नफीस को पुलिस को सौंप दिया। बताया कि पिछले कुछ समय में मवई, गनेशपुर, नारायणपुर, कंधई का पुरवा, चितीसापुर, बसावनपुर, लकड़ी, मथैयापुर, पूरे आंगन गांव में कई भैंसें चोरी हो चुकी हैं। इन चोरियों में इसी गिरोह का हाथ है। एसओ हुसैनगंज ने बताया कि आरोपी से पूछताछ हो रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
--
कस्बे से बाइक चोरी
जहानाबाद। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात लैब टेक्नीशियन सरताज अहमद की बाइक शनिवार को अस्पताल परिसर में उनके आवास के सामने खड़ी थी। शाम को जब वह बाजार जाने के लिए निकले तो बाइक गायब थी। खोजबीन के बाद जब गाड़ी का पता नहीं चला तो उन्होंने थाने में शिकायत की।