बहुआ। चर्च बंद होने की खुन्नस में महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट की गई। पुलिस ने मामले में आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
ललौली थाने के पूर्वी गांधी नगर मोहल्ले में नया जीवन ट्रस्ट के चर्च में धर्म परिवर्तन का आरोप लगाकर हंगामा किया था। मोहल्ले की मधु शुक्ला ने 23 अक्तूबर को चर्च के पादरी समेत पांच पर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस चार लोगों को जेल भेज चुकी है। मधु शुक्ला के मुताबिक धर्म परिवर्तन प्रकरण में गवाह लवलेश विश्वकर्मा है। चर्च बंद होने की खुन्नस में 12 नवंबर की रात विनोद यादव और उसकी पत्नी निर्मला देवी, कल्लू सविता, सुजानपुर के बंटे खान व अन्य उसके घर में घुस आए। उसके साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 21 नवंबर को विनोद के चार अज्ञात साथी घर में घुस आए। गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी। वहीं लवलेश को शादी का लालच देकर धर्मपरिवर्तन कराने का प्रयास भी किया गया है। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।