खागा। डंपर की टक्कर से मां की मौत और बेटी घायल हो गई। दुर्गा पंडाल में पूजा कर लौटते समय हादसा हुआ। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
सुल्तानपुर घोष निवासी ऊषा (40) बेटी माला (12) के साथ सोमवार की उसरहा पुरवा में दुर्गा पंडाल में पूजा के लिए गई थी। रात एक बजे मां और बेटी व कुछ अन्य लोग पैदल घर आ रहे थे। थाने के पास प्रेमनगर से अल्लीपुर बहेरा चौकी की ओर जा रहे एक डंपर ने मां व बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। जिला अस्पताल से दोनों को कानपुर के लिए रेफर किया गया। कानपुर पहुंचने से पहले ही ऊषा देवी ने दम तोड़ दिया। माला को कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर सुल्तानपुर घोष अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि रास्ते में लगे कैमरों के जरिए वाहन को चिह्नित करने का प्रयास हो रहा है।