चौडगरा। दुकान से ट्रक में ग्रीसिंग करने गए युवक की सोमवार दोपहर सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद एक घंटे तक शव हाईवे किनारे पड़ा रहा। पुलिस का मानना है कि हादसा ग्रीसिंग वाले ट्रक से हुआ होगा।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के मौहार गांव निवासी जलील की हाईवे पर भदौरिया ढाबा के पास ग्रीसिंग की दुकान है। उसकी दुकान में दोपहर चालक ट्रक में ग्रीस कराने पहुंचा। जलील ने बताया कि ट्रक में ग्रीसिंग के लिए उसका पुत्र शकील (28) गया था। ट्रक काफी दिनों से बंद भदौरिया ढाबे के बाहर खड़ा था। एक घंटे बाद ढाबे की रखवाली में रहने वाले कर्मी ने हादसे की सूचना दी। वह लोग मौके पर पहुंचे।
मृतक के दो छोटे भाई शीबू व शालू हैं। दो बहनें अकीला व रोशनी हैं। वह अपने पीछे दो बच्चे अजान (3) और एहसान (डेढ़ वर्ष) को छोड़ गया है। उसकी पत्नी शहनाज और मां नूरबानो रो-रोकर बदहवास हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत ने बताया कि हाईवे किनारे खड़े ट्रक में शकील काम कर रहा था। अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसी ट्रक से हादसा हुआ। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर चला गया। दोपहर की वजह से आसपास के लोग हादसा देख नहीं पाए। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।