फतेहपुर। पिटाई से किसान की मौत के मामले में पुलिस ने सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज था।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव निवासी भोला प्रसाद निषाद (55) बीती 30 अगस्त की शाम खेत गए थे। खेत के बगल की मेड़ पर गांव के सगे भाई शिवलाल, रामप्रसाद ने लकड़ियां डाली थी।
रास्ते में अवरोध पैदा करने का भोला ने विरोध किया था। तभी विवाद हो गया था। विवाद में दिव्यांग भोला की शिवलाल, रामप्रसाद ने पिटाई की थी।
मारपीट से भोला प्रसाद की मौत हो गई थी। मृतक के पुत्र प्रेम नारायण निषाद की तहरीर पर पुलिस ने शिवलाल और रामप्रसाद के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने कस्बा बस स्टॉप से रविवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष शैतान सिंह ने बताया कि दोनों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है।