अल्लीपुर। पिटाई के बाद इलाज के दौरान किसान की मौत के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या में मुकदमा तरमीम किया। आरोपियों में सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
मलवां थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी छत्रपाल (55) बीती 30 जुलाई को खेत काम करने गए थे। जहां बारिश का पानी बहाने की रंजिश में छत्रपाल और उसके बेटे अरविंद को लाठी डंडे से गांव के सोहन उर्फ छोटू, नीरज, अमित, दर्शन ने मारापीटा था।
सिर में चोट लगने से छत्रपाल बेहोश हो गए थे। छत्रपाल के बेटे रवींद्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने एनसीआर दर्ज की थी।
इसके बाद 13 अगस्त को एसपी के आदेश पर चारों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी नीरज, सोहन उर्फ छोटू को रविवार को गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है।