फतेहपुर। 40 हजार रुपये खाते में न जमा करने पर बैंक कैशियर के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
थरियांव थाना क्षेत्र के मुसईपुर निवासी ओमप्रकाश गुप्ता ने पुलिस को दी अर्जी में बताया कि उसका खाता स्टेट बैंक थरियांव में है। एक जनवरी 2019 को उसने खाते में जमा रसीद से 40 हजार जमा किए थे। कैशियर कृष्ण कुमार ने जमा रसीद पर्ची में मोहर और हस्ताक्षर किया था। कुछ दिन बाद वह पासबुक में इंट्री कराने गया तो प्रिंट मशीन खराब होने की बात कही गई। मामले की शिकायत बैंक मैनेजर से की थी। बैंक मैनेजर ने बाद में पासबुक में इंट्री कराने की बात कहकर टरका दिया था। बाद में पासबुक में इंट्री कराई तो खाते में 40 हजार का रिकार्ड नहीं था। आरोप है कि कैशियर कृष्ण कुमार उर्फ केके सिंह ने धोखाधड़ी कर उसकी रकम हड़प कर ली है। प्रभारी निरीक्षक एपी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।