पुलिस लाइन में फ्लिपकार्ट एजेंसी के लूट का खुलासा करते आइजी डॉ. राकेश सिंह व पीछे खड़े लूट के आरोप?
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। ईस्टा कार्ट कूरियर एजेंसी के स्टोर में हुई 18 लाख 81 हजार रुपये की लूट का खुलासा हो गया है। पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लूट के 18.53 लाख रुपये बरामद किए हैं। लूट में स्टोर का कैशियर भी शामिल था। इनका एक साथी 28 हजार रुपये के साथ फरार है।
पुलिस लाइन में बुधवार को आईजी प्रयागराज डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि बुलेट चौराहे के पास 15 अगस्त की रात ईस्टा कार्ट कूरियर एजेंसी के स्टोर में लूट हुई थी। खुलासे के लिए चार टीमें गठित की गई थीं। कोतवाल अमित मिश्रा, स्वॉट प्रभारी विनोद मिश्रा, स्वॉट प्रभारी द्वितीय विंध्यवासिनी तिवारी और सर्विलांस प्रभारी राजेश कुमार यादव की संयुक्त टीम ने जेल रोड पर नउवाबाग के पास मंगलवार रात घेराबंदी की। पुलिस जीप देखकर बदमाश बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने पीछा कर स्टोर के कैशियर मलवां के कोराईं निवासी विकास सिंह पटेल, चित्रकूट के थाना कर्वी के भीखमपुर निवासी सचिन और कौशांबी के बेनौरा पश्चिम शरीरा निवासी अनूप सिंह को गिरफ्तार किया। चित्रकूट के थाना कर्वी के रेहुटिया निवासी अभिषेक फरार है।
विकास के पास से पुलिस ने नौ लाख 26 हजार 600 रुपये बरामद किए। उसने कबूूला कि इसमें अभिषेक का भी हिस्सा है। उसे 28 हजार रुपये देकर भेज दिया था। बाकी रुपये बाद में देने थे। अनूप सिंह से बाकी रकम के साथ एक तमंचा बरामद हुआ। पुलिस ने लूटी रकम में तीनों के पास से 18 लाख 53 हजार रुपये बरामद कर लिए। बाइक सीज की गई है। लुटेरों के पास से चार एंड्रायड मोबाइल मिले हैं। आईजी ने पुलिस टीम को 50 हजार का इनाम दिया है।