ऐरायां ब्लाक में नहीं पहुंचे फरियादी, फुर्सत में बैठे अधिकारी। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। तहसील और थाना दिवस की तर्ज पर शुरू हुए ब्लाक दिवस में फरियादियों का टोटा रहा। कुछ स्थानों पर समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों ने वृद्धावस्था, विधवा पेंशन और राशन कार्ड बनवाने की मांग उठाई।
मलवां ब्लाक सभागार में बीडीओ पारुल कटियार ने समस्याएं सुनीं। यहां पांच शिकायतें आईं। सुखनंदन खेड़ा मजरे अमौरा से इमामबक्श ने वृद्धावस्था पेंशन और रमेश ने राशन कार्ड बनवाने की मांग की। एडीओ कृषि सूरज सिंह, क्षत्रपाल सिंह, एपीओ मनरेगा रविन्दर सिंह मौजूद रहे। बहुआ प्रतिनिधि के अनुसार ब्लाक दिवस में तीन फरियादियों ने योजनाओं का लाभ मांगा। बनरसी निवासी विनोद ने बताया कि बेटी सीमा की शादी 13 दिसंबर 2021 को हुई थी। अनुदान का फार्म भरने के बाद भी लाभ नहीं मिल सका। नहरखोर निवासी रानी देवी ने कुष्ठ रोग आवास योजना के तहत आवास दिलाए जाने की मांग की। मोहम्मदपुर की संगीता ने कहा कि स्वयं सहायता समूह से मनरेगा में मेट बनाया गया था। प्रधान ने हटा दिया।
इस मौके पर एडीओ पंचायत अनूप सिंह, एडीओ कोआपरेटिव राजकुमार विश्वकर्मा, एडीओ एजी हरिदास, पंचायत सचिव आशीष, राघवेंद्र प्रसाद, ललित गौतम, राघवेंद्र सिंह, टीए शिवदास मौजूद रहे। खागा संवाद के अनुसार ऐरायां ब्लाक में एक भी शिकायत नहीं आई। बीडीओ अशोक कुमार सिंह मौजूद रहे। विजयीपुर ब्लाक में आठ शिकायतें आईं। इनमें दो का निस्तारण किया गया। धाता ब्लाक में दो लोगों ने शिकायत दर्ज कराई। बीडीओ अजय सिंह ने दोनों शिकायतों का निस्तारण कराने के लिए पंचायत सचिवों से कहा।