फतेहपुर। चिटफंड कंपनी के संचालकों पर निवेशकों के 17 लाख रुपये हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पु्लिस ने बताया कि एजेंट की शिकायत पर कोर्ट के आदेश से मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
राधानगर विष्णुपुरी निवासी अजीत प्रताप सिंह ने एफआईआर में बताया कि जावेद निवासी लखनऊ ने उसे आकार मेकर्स इंडिया लिमिटेड में काम बतौर एजेंट रखा था। कंपनी के एमडी पीआर द्विवेदी निवासी समृद्धि पूनम मीरारोड (ई) मुंबई, चेयरमैन कृष्ण कुमार वर्मा निवासी कोठी नंबर 77 ई पंजाबी बाग नई दिल्ली व डायरेक्टर बसंत दुबे निवासी रैमानपुर पोस्ट बदलापुर थाना बदलापुर जिला जौनपुर ने भरोसा दिलाया कि जमाकर्ता का रुपया सुरक्षित रहेगा।
इस पर कंपनी में आरडी, एफडी के लिए रिश्तेदारों, परिचितों से रुपये निवेश कराए। फतेहपुर में 20 अगस्त 2014 को हीरालाज होटल कलक्टरगंज में कार्यालय खोला। उसने तकरीबन 50 लोगों से 17 लाख रुपये का निवेश कराया। कंपनी का व्यवसाय बढ़ने लगा तो संचालक नियम व शर्तों से पीछे हटने लगे। उसने कोर्ट की शरण ली। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।