बहुआ। छप्पर के नीचे सो रहे मजदूर पर सोमवार रात कच्ची दीवार भरभराकर गिर पड़ी। इससे मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ललौली थाना क्षेत्र के मुत्तौर कस्बा निवासी मजदूर महाराजदीन (60) रात को खाना खाने के बाद घर के बाहर छप्पर के नीचे चारपाई पर सो रहा था। रात 10 बजे छप्पर की दीवार बारिश के चलते ढह गई।
मजदूर को मलबे में दबा देख परिजनों ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। परिजन और पड़ोसी फावड़े, कुदाल लेकर मलबा हटाने में जुट गए।
कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर मजदूर को बाहर निकाला गया। इलाज के लिए ले जाते वक्त रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पति की मौत से पत्नी सुमित्रा देवी बदहवास हो गई।
मृतक के तीन बेटे रामराज, बलराज, धर्मराज हैं। थानाध्यक्ष आलोक पांडेय ने बताया कि बेटे रामराज की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की गई है।