औंग। हाजीपुर गांव में सोमवार की रात पांच घरों में बदमाशों ने धावा बोल दिया। एक घर में बच्चों को कमरे में बंधक बनाकर वारदात की। एक गृहस्वामी जागा तो उसे भी कमरे के अंदर बंद कर दिया। बदमाश 50 हजार नकदी और चार लाख के जेवरात ले गए।
हाजीपुर गांव निवासी राम नरेश यादव पत्नी शशि के साथ खलिहान में चने की मड़ाई करने गया था। वह रात को चने की रखवाली के लिए नलकूप में ही सो गया था। घर में बेटा शोभित (12) और अंजलि (10) थे। शोभित ने बताया कि बदमाश छत के रास्ते घर में आए। चोरों की खटपट से शोभित की नींद खुल गई। उसने अंजलि को जगाया। तभी तीन बदमाश उसके पास आए और तमंचा दिखाकर दोनों को एक कमरे में बंद कर दिया। सुबह पांच बजे शशि घर पहुंची। उसने अलमारी और बक्से के ताले टूटे व सामान बिखरा पाया। दरवाजा खोलकर बच्चों को बाहर निकाला। शशि ने बताया 15 हजार नकदी व डेढ़ लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बदमाश ले गए हैं।
मुकेश कुमार पासवान के घर भी छत के रास्ते बदमाश पहुंचे। परिवार के सभी लोग आंगन व बरामदे में सोये थे। लोग सुबह उठे तो अलमारी और बक्सों के ताले टूटे पाए। सामान बिखरा पड़ा था। मुकेश ने बताया 14 हजार पांच सौ रुपये और 60 हजार के सोने-चांदी के जेवरात ले गए हैं। राजकुमार के घर में चोर सीढ़ियों के रास्ते पहुंचे। 10 हजार नकदी और 40 हजार रुपये कीमत के जेवरात चोर ले गए हैं।
देशराज परिवार के साथ आंगन और बाहर छप्पर के नीचे सोये थे। सुबह उठे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। 10 हजार रुपये व डेढ़ लाख के जेवरात चोर ले गए हैं। 17 अप्रैल को देशराज के छोटे भाई नीरज की शादी है। शादी की वजह से खरीददारी की गई थी। चोर कीमती कपड़े भी साथ ले गए हैं। राज बहादुर के घर में बदमाश आंगन के रास्ते पहुंचे थे। बदमाश राजबहादुर को धमकी देते उसके कमरे में पहुंचे और बाहर से कुंडी लगा दी। दूसरे कमरे में रखे दो हजार रुपये, बर्तन ले गए। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस घटनाओं की छानबीन में जुटी है।