खागा। एक डिग्री कॉलेज के प्रबंधक योगेंद्र सिंह हत्याकांड के मामले में एसटीएफ शुक्रवार को दूसरे दिन फिर खागा पहुंची। इस दौरान टीम ने हिरासत में लिए गए तीन युवकों से पूछताछ शुरू की। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति को और पूछताछ के लिए उठाया।
खागा के ब्राह्मण टोला निवासी योगेंद्र सिंह की 30 अक्टूबर 2019 की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनकी लाश नौबस्ता रोड स्थित उनके ही गेस्ट हाउस के पार्किंग एरिया में कार के अंदर मिली थी। कार भी योगेंद्र की ही थी।
पुलिस ने जांच की तो योगेंद्र के सीने के पास ही एक तमंचा भी मिला था। पुलिस ने इसकी जांच शुरू की लेकिन जब कोई ठोस सुराग नहीं मिला तो विवेचना क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। क्राइम ब्रांच को महीनों की जांच के बाद भी कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। इस पर जांच एसटीएफ प्रयागराज को दी गई।
गुरुवार को एसटीएफ खागा पहुंची और पुलिस से बातचीत की। इसके बाद ब्राह्मण टोला के रहने वाले तीन युवकों को पकड़ा और कोतवाली ले आई। इसी क्रम में शुक्रवार को एक युवक के रिश्तेदार को लाया गया।
शुक्रवार को एसटीएफ दोबारा खागा आई और युवकों से पूछताछ शुरू की। युवकों को पुलिस नौबस्ता रोड स्थित सुमन मैरिज हाल भी ले गई। इंस्पेक्टर खागा संतोष शर्मा ने बताया कि पूछताछ चल रही है। फिलहाल कुछ कहना जल्दबाजी होगी।