फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के एक गांव में एसिड अटैक का मामला सामने आया है। जेठ ने दुष्कर्म में विफल होने पर बेवा बहू पर एसिड फेंक दिया। वह गंभीर रूप से झुलस गई है। महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जेठ व उसके एक दोस्त को गिरफ्तार किया है। दूसरे साथी की तलाश की जा रही है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति की 2014 में बीमारी से मौत हो गई थी। उसके छह साल का एक बेटा है। महिला का आरोप है कि पति की मौत के बाद जेठ उस पर बुरी नजर रखता था। कई बार घर में किसी के न होने पर उसने छेड़खानी भी की। इसके चलते करीब पांच से वह बेटे के साथ मायके में रह रही है। महिला ने बताया कि उसने अपने हिस्से की खेती बंटाई में दे रखी है। खेती की देखरेख के लिए साल में चार-पांच बार ससुराल आना पड़ता है। करीब एक माह पहले गेहूं की फसल पक जाने के कारण वह गांव आई थी। जेठ की नियत ठीक नहीं थी। शुक्रवार की देर शाम अपने दो साथियों के साथ वह छेड़छाड़ करने लगा। शोर मचाने पर वह भाग गए। महिला ने बताया कि रात करीब नौ बजे वह पानी भरने के लिए घर के पास लगे हैंडपंप पर गई। जेठ दो साथियों के साथ आया और दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर वह गालीगलौज करते हुए उसके ऊपर एसिड ( बैटरी वाला तेजाब) फेंक दिया। चीख सुनकर पड़ोसियों की भीड़ लग गई। एसिड से महिला के दोनों हाथ और गले के पास का हिस्सा झुलस गया। पीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। थानाध्यक्ष शेर सिंह राजपूत ने बताया कि जेठ व उसके एक साथी को पकड़ा गया है। रिपोर्ट दर्ज घटना की छानबीन की जा रही है।