अल्लीपुर (फतेहपुर)। हाईस्कूल के छात्र ने एंड्रायड फोन न मिलने पर रविवार को बिजली केबल से फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मलवां थाना क्षेत्र के कोराई गांव निवासी विजय पटेल का बेटा राहुल पटेल (15) महर्षि विद्या मंदिर में कक्षा दस का छात्र था। मां गुड़िया देवी ने बताया कि घर में सुबह सारे बेटे खाना खा रहे थे। तभी राहुल परिजनों से एंड्रायड फोन दिलाने की मांग करने लगा। यह सुनकर परिजनों ने अभी पढ़ाई लिखाई की उम्र का वास्ता देकर मना कर दिया था। उसके बाद सभी लोग खेत काम करने चले गए। करीब दोपहर 11 बजे राहुल घर से निकल गया। वह शाम
को मवेशियों की देखने के लिए घर से कुछ दूरी पर बने मवेशीखाने पहुंची। जहां राहुल को फांसी पर लटकता देखकर होश उड़ गए। मां की चीख पुकार आसपास के लोग इकट्ठा हुए। उसके शव को नीचे उतारा। बदहवास होकर गुड़िया जमीन में गिर पड़ी। परिजनों में कोहराम मच गया। पिता ने बताया कि उसे उम्मीद नहीं थी कि बेटा इतना बड़ा कदम उठा सकता है। चार बेटों में अर्जुन, अमर, गोरे से छोटा था। इसी वजह से परिवार का दुलारा था।
उसकी हर मांग पूरी की जाती थी। मोबाइल भी कुछ दिन बाद दिलाने का आश्वासन दिया गया था। एसओ राजीव सिंह घटना की छानबीन को पहुंचे। पुलिस से परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना किया। इस बात को लेकर देर शाम तक ग्रामीणों और पुलिस के बीच नोकझोक हुई। किसी तरह से पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।