फतेहपुर। राधानगर चौकी क्षेत्र में रहने वाली छात्रा शोहदे से परेशान है। कमरा बदल लेने के बाद भी शोहदा रविवार की रात उसके कमरे पर साथियों संग पहुंचा और हंगामा किया। इलाकाई लोगों के जुटने पर आरोपी भागे। एसपी के हस्तक्षेप पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
छात्रा ने बताया कि वह एक जगह करीब पांच साल से किरायेदार है। वहीं बाइक एजेंसी में कार्यरत सुधीर यादव भी किरायेदार है। मकान से कई किरायेदार कुछ माह पहले चले गए थे। वह और सुधीर का परिवार बचा है। उसके साथ सुधीर बदसलूकी करता है। नशे में रात को घर का दरवाजा पीटता है। इसकी मकान मालिक से शिकायत की
थी। छात्रा ने बताया कि उसने अब दूसरी जगह कमरा ले लिया। आरोपी दो दिन से कमरे में आकर परेशान कर रहा है। वह उसे भगा देती रही। इसी खुन्नस में रविवार शाम सुधीर करीब बीस साथियों संग कमरे में घुस आया। सभी नशे में थे उसके साथ मारपीट और अभद्रता की। इलाके के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी भाग निकले। मामले
की शिकायत करने चौकी गई। चौकी से कोतवाली भेजा गया। कोतवाली से चौकी जाने को कहा। परेशान होकर वह एसपी बंगले पहुंची। एसपी ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने का आदेश किया। कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामला जब उनके सामने आया तो तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।