फतेहपुर। शहर के मसवानी मोहल्ले में तीन दिन पहले गोकशी के मामले में पकड़े गए आरोपी के घर से जेवर और घरेलू सामान चोर चुरा ले गए। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची। तहरीर पर जांच शुरू की है।
मसवानी के निबहारा राजकीय आदर्श विद्यालय के पास हमीद का घर है। यह मूलरूप से हथगाम के पट्टीशाह गांव का निवासी है। कोतवाली पुलिस ने तीन दिन पहले हमीद और रफी को एक क्विंटल 60 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों को गोकशी में जेल भेजा था। इसके जेल जाने के बाद परिवार के लोग
गांव चले गए थे। हमीद के भाई नईम ने बताया कि पड़ोसियों ने घर के पीछे सीढ़ी लगी देखकर शुुक्रवार सुबह सूचना दी। कमरे का दरवाजा खुला पड़ा था। सामान बिखरा मिला। छत पर चोर सीढ़ी के सहारे चढ़े और भीतर पहुंचकर चोरी को अंजाम दिया था। नईम ने बताया कि चोर बक्से का ताला तोड़कर सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी,
कान के बाले, चांदी के जेवर, इनवर्टर, बैटरी, एलईडी, इंडक्शन चूल्हा चुरा ले गए। चौकी इंचार्ज बिपिन यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। भुक्तभोगी के परिवार का सदस्य गोकशी के मामले में पकड़ा गया था।