फतेहपुर। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के हरदौलपुर गांव में लाखों के तेल चोरी के मामले को एसटीएफ ने संज्ञान में लिया है। जिले से गुजरने वाली आईओसी लाइन का बार-बार टारगेट किए जाने के पीछे लोकल का बड़े तेल माफियाओं से कनेक्शन होना माना जा रहा है।
कल्यानपुर थाने के हरदौलपुर गांव में बरौनी कानपुर इंडियन ऑयल की पाइप लाइन शनिवार रात तोड़ी गई थी। घटना के 16 घंटे बाद आईओसी टीम और पुलिस मौके पर पहुंची थी। लाइन तोड़कर करीब 15 लाख कीमत का डीजल चुराया जाना माना जा रहा है। लोकल पुलिस और सर्विलांस टीमों को तीसरे दिन भी ठोस सुराग हाथ नहीं लगे हैं। पुलिस गुजरात के आईओसी इंजीनियर बंशीधर गैंग और मथुरा के तेल माफिया मनोज अग्रवाल गैंग पर नजर लगाए हैै। गुजरात का गैंग करीब तीन साल पहले जिला जेल से छूटा था। इन सारे माफियाओं की पुलिस कुंडली खंगाल रही है। बीते दस माह में खागा कोतवाली में दो बार पेट्रोल लाइन तोड़कर चोरी, मलवां में तीन बार, थरियांव में दो बार, कल्यानपुर में पांच बार चोरियों के मामले सामने आए हैं। इस तरह से एक करोड़ के करीब डीजल सरकारी पाइप लाइन को नुकसान पहुंचाकर पार कर चुका है। पुलिस और ऑयल कंपनी की पिकेट गश्त फेल रही।
जिले को टारगेट किए जोन के पीछे लोकल के किसी प्रभावी व्यक्ति की गैंग से संलिप्तता है। इसी वजह से एसटीएफ ने मामले को संज्ञान में लिया है। चोरी तेल के टैंकर जिले के कुछ पेट्रोल पंप उतारने की चर्चा है। पंप मालिक बड़े ओहदेदार हैं। उनकी तरफ से भी मथुरा के माफिया के जिले में पकड़े जाने पर सिफारिश की गई थी। सीओ अभिषेक तिवारी ने बताया कि मामले की छानबीन तेजी से की जा रही है। जल्द ही पुलिस गैंग तक पहुंचेगी।