फतेहपुर। विवाहिता को दहेज के खातिर मारपीट कर ससुरालीजनों ने गुरुवार को घर से निकाल दिया। महिला से उसके दो मासूम बच्चों को भी छीन लिया और तीन तलाक दे दिया। पुलिस ने ससुरालीजनों खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
प्रयागराज मुट्ठीगंज की रहने वाली मंसूबा जाहेरा का निकाह दो साल पहले शहर कोतवाली क्षेत्र के चूड़ी गली मोहल्ले निवासी जैनुल अब्बास उर्फ शाकिब साथ हुआ था। शादी के बाद से दहेज में कार और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर ससुरालीजन जाहेरा को प्रताड़ित करने लगे। बेटी के उत्पीड़न से तंग आकर जाहेरा के घरवालों ने करीब एक साल पहले ससुरालीजनों के खिलाफ कोर्ट में परिवाद भी दाखिल किया था। बाद में सुलह समझौता कर लिया था।
इसके बाद वह फिर से ससुराल में आकर रहने लगी। गुरुवार रात पति, सास, तीन ननद और पति के दोस्त जावेद खान ने जाहेरा की पिटाई की। उसके बाद मासूम बच्चों को छीन कर उसे घर से निकाल दिया। पति ने तीन तलाक दे दिया। महिला ने 112 में सूचना दी और कोतवाली पहुंची। कोतवाली में पुलिस के दबाव में ससुरालीजनों ने महिला को बच्चे दिलाए हैं। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।