फतेहपुर। मारपीट की घटना से शुरू हुआ विवाद बुधवार को इस कदर बढ़ा की दो पक्षों में जमकर फायरिंग हुई। दोनों तरफ से असलहे लहराते, एक दूसरे को दौड़ाकर गोली चलाने का दृश्य देखकर ग्रामीण घरों में दुबक गए। गांव में पुलिस तैनात की गई है।
ललौली थाना क्षेत्र के सिधांव गांव में 28 जून की सुबह दो भाई आपस में मारपीट कर रहे थे। इस दौरान गांव का एक युवक तमाशबीन बड़ा खड़ा था। यह बात दोनों भाईयों को बुरी लगी। एक भाई ने तमाशबीन बने युवक को पीट दिया। युवक ने थाने में व एसपी से इसकी शिकायत की तो पुलिस ने दोनों भाईयों का चालान शांतिभंग में कर दिया।
बुधवार की सुबह शिकायत करने वाला युवक गांव के किनारे खड़ा था तभी दूसरे पक्ष का एक युवक वहां पहुंचा और तमंचा से फायर झोंक दिया। यह देख वह अपनी जान बचाकर गांव के अंदर भागा और फोन से परिजनों को सूचना दी। युवक के घरवाले पहुंचे तो उन्होंने तमंचा लेकर आए युवक के ऊपर गोली चलाकर उसे दौड़ाया तो वह एक व्यक्ति की दुकान में जा घुसा।
कुछ ही देर में दोनों पक्ष से आधा दर्जन लोग असलहों के साथ एक दूसरे पर फायरिंग करते और दौड़ते देखे गए। गांव के अंदर हो रही फायरिंग से लोग दहशत में आ गए और घरों में छिप गए। एक घंटे तक फायरिंग व एक दूसरे को खदेड़ने का यह सिलसिला चला।
पुलिस के पहुंचने तक दोनों पक्ष के लोग भाग चुके थे। दोनों पक्ष के घर के पास पुलिस तैनात की गई है। इंस्पेक्टर ललौली संदीप तिवारी ने बताया कि झगड़ा व फायरिंग की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। दोनों पक्ष से कोई भी शिकायत करने नहीं आया है।