फतेहपुर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को उसके पति ने बंधक बनाकर पीटा। किसी तरह महिला जान बचाकर थाने पहुंची। महिला ने पति समेत चार ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थरियांव थाने के कस्बा निवासी मंजू शुक्ला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है। उसकी शादी राम कुमार पांडेय निवासी थरियांव के साथ 1998 में हुई थी। मंजू शुक्ला का आरोप है कि शादी के बाद पति रामकुमार, जेठ कृष्ण कुमार, शिव गोपाल, देवर राजेंद्र उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
उसके दो बेटे व एक बेटी हैं। वह शहर में भाइयों के घर में रहकर पढ़ते हैं। पति 14 मई की दोपहर करीब एक बजे घर पहुंचा। उसके सरकारी दस्तावेजों को छीनकर फाड़ दिया और आग लगा दी। विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा। जान से मारने की नियत से शौचालय में दो दिन तक बंद रखा।
17 मई की शाम पति और उसके तीनों भाई पहुंचे और बाहर निकाला। इसके बाद घेरकर मारने लगे। मंगलसूत्र, सोने के झुमके व अन्य जेवरात छीन लिए। उसने किसी तरह शोर मचा कर जान बचाई और 112 नंबर में पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक नंदलाल सिंह ने बताया आरोपी पति समेत चार के खिलाफ बंधक बनाने मारपीट, धमकी, तोड़फोड़ समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।