फतेहपुर। बिंदकी में ट्रकों से वसूली के मामले में दो सिपाहियों पर निलंबन की कार्रवाई के कुछ ही देर बाद एसपी ने ललौली थाने की दतौली चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर तीन और सिपाहियों को निलंबित कर दिया। ललौली थानाध्यक्ष पर जांच बैठा दी गई है। मौरंग लदे ओवरलोड ट्रक के चालक से हो रही सौदेबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने यह कार्रवाई की है।
ललौली थाना क्षेत्र में सबसे अधिक मौरंग खदानें संचालित होती हैं। बांदा-कानपुर और बांदा-टांडा हाईवे का बार्डर भी है। इसी वजह से हजारों की संख्या में मौरंग लदे ट्रक मध्य प्रदेश, बांदा, फतेहपुर के ट्रक ललौली थाना क्षेत्र सीमा से निकलते हैं। पुलिस ओवरलोड में चालान की धौंस जमाकर ट्रकों से अवैध वसूली करती है। इसी मामले का एक वीडियो पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के पास पहुंचा।
जिसकी जांच के बाद ललौली थानेदार संदीप तिवारी पर प्रारंभिक जांच बैठा दी गई है। दतौली चौकी इंचार्ज मुकेश सिंह को लाइन हाजिर किया गया है। तीन सिपाही कृष्णकांत, हरिश्चंद्र यादव और दयाराम निषाद को निलंबित कर दिया गया है। सिपाहियों पर विभागीय कार्रवाई के भी आदेश दिए गए हैं। एसपी सतपाल अंतिल ने बताया वसूली की शिकायत आने पर किसी भी पुलिसकर्मी को छोड़ा नहीं जाएगा। अभी कुछ और जगहों की भी जांच चल रही है।