फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बूथ कैप्चरिंग, पानी डालने, रायफल छीनने में 66 पर केस

विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहपुर। मतदान के दिन सोमवार को मतदान केंद्रों पर हुई अराजकता को लेकर पुलिस ने कुल 66 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह मुकदमे हथगाम, जाफरगंज और ललौली थाने में दर्ज किए गए हैं। हथगाम में बूथ कैप्चरिंग, जाफरगंज में मतपेटिका में पानी डालने का प्रयास और ललौली में बूथ पर बवाल कर सिपाही की रायफल छीनने व उसे घायल करने की घटनाएं सोमवार को हुईं थीं। पुलिस ने छापा मारकर नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन

हथगाम थानाक्षेत्र के अहेंदा कंपोजिट विद्यालय में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे पथराव कर बूथ कैप्चरिंग करने और दो मतपेटिका में पानी भरने के मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कंपोजिट विद्यालय अहेंदा मतदान केंद्र के बूथ संख्या 174 पर सोमवार दोपहर बवाल हुआ था। इसमें कुछ लोगों ने पथराव कर फोर्स को खदेड़ दिया था और कर्मचारियों का धमकाकर बूथ पर कब्जा करते हुए मतपेटिका में पानी भर दिया था।
विज्ञापन

इस मामले में पुलिस ने पूर्व प्रधान सत्यप्रकाश, एक प्रत्याशी के समर्थक छोटू, दिनेश कुमार, राजपाल, शिवकुमार, बृजलाल, राजू, सर्वेश कुमार सहित कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने उक्त आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्यवाही की है। अन्य की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
प्राथमिक विद्यालय ओती में सोमवार की शाम करीब चार बजे हमला कर सिपाहियों के साथ मारपीट कर उसकी राइफल छीनने, बूथ कैप्चरिंग करने व कर्मचारियों को घायल करने के मामले में पुलिस ने पांच नामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर राइफल बरामद कर ली है। मुकदमा सिपाही राहुल पांडेय की तहरीर पर दर्ज हुआ है।
ललौली थानाक्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय ओती में सोमवार शाम करीब चार बजे करीब 60 लोगों ने बूथ पर हमला कर मतदान बंद करा दिया था। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात सिपाही राहुल पांडेय (तैनाती जनपद प्रतापगढ़) व उसके साथी सिपाही शेर सिंह रावत के साथ मारपीट की थी। शेर सिंह रावत की राइफल छीन ली थी। मारपीट में राहुल पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों की वर्दी भी फाड़ दी गई थी।
बवाल की खबर पर ललौली पुलिस मौके पर पहुंची तो अराजकता करने वाले वहां से भाग निकले। पुलिस को स्कूल के अंदर ही राइफल पड़ी मिली। पुलिस ने मतदान शुरू कराया और घायल सिपाहियों को अस्पताल ले गए। पता चला कि राहुल का बायां हाथ टूट गया है। इस प्रकरण में राहुल पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नामजद लोगों में अंशू, श्याम द्विवेदी, शिवम द्विवेदी, देवेंद्र सिंह और अंकित सिंह भदौरिया निवासीगण ओती गांव शामिल हैं। ललौली पुलिस ने छापा मारकर आरोपी शिवम के भाई सत्यम द्विवेदी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ बलवा, कार्य सरकार में बाधा और जानलेवा हमला आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए रायपुर मतदान केंद्र के अंदर बवाल करने व जद्दूपुर के बूथ में घुसकर मतपेटिका में पानी डालने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर पीठासीन अधिकारी की तहरीर पर की गई है।
रायपुर के प्राथमिक स्कूल में सोमवार को मतदान शांतिपूर्वक चल रहा था। दोपहर करीब दो बजे जद्दूपुर गांव की कुसुमा देवी, लल्लू प्रसाद व पप्पू उर्फ अमित केंद्र में घुसे और कक्ष संख्या दो में काम कर रहे कर्मचारियों से अभद्रता करने लगे। आरोप है कि उन्होंने मतपेटिका में पानी डालने का प्रयास किया। उन्हें रोका गया तो उन्होंने बवाल किया और गाली-गलौज करने लगे। इससे आधा घंटे तक मतदान बंद रहा।
पीठासीन अधिकारी सत्येंद्र सिंह निवासी खागा की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें