किशनपुर। मतदान केंद्र सरौली में वोटिंग के लिए जा रहे एक युवक से सिपाही की कहासुनी इस कदर गरमाई की गांव के लोग लामबंद हो गए। डंडा लेकर निकले सैकड़ों लोगों ने मतदान केंद्र को घेर लिया। पुलिसकर्मियों को कुछ नहीं सूझा तो उन्होंने स्कूल में अंदर से ताला बंद कर लिया और छिप गए। सूचना पर सीओ खागा पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को खदेड़कर ताला खुलवाया। करीब 20 मिनट तक मतदान बंद रहा।
किशनपुर थानाक्षेत्र के सरौली गांव के स्कूल में मतदान चल रहा था। सोमवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे एक व्यक्ति मतदान के लिए अंदर जाने लगा तो वहां मौजूद सिपाही ने उससे पूछताछ की और संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उसे बाहर कर दिया।
युवक ने अंदर जाने का प्रयास किया तो सिपाही ने उसे धक्का दे दिया। इस बात की भनक गांव के लोगों को लगी तो वह आक्रोशित हो गए और लाठी-डंडा निकालकर मतदान केंद्र को घेर लिया। लोगों को आता देख पुलिसकर्मी स्तब्ध रह गए। अफसरों को सूचना देने के साथ ही पुलिस बल ने स्कूल में अंदर की तरफ से ताला बंद कर लिया और अंदर छिप गए। करीब 15 मिनट बाद सीओ खागा गया दत्त मिश्र पुलिस बल के साथ पहुंचे और भीड़ को खदेड़ा। केंद्र का ताला खुलवाकर मतदान शुरू कराया।
एसओ किशनपुर पंधारी सरोज ने बताया कि गांव का एक युवक मतदान करने के बाद भी बार-बार केंद्र में प्रवेश कर रहा था। वहां तैनात पुलिसकर्मी ने उसे टोका तो वह उलझने लगे। सख्ती की गई तो उन्होंने गांव के लोगों को जमा करना शुरू कर लिया। पुलिस सही समय पर पहुंच गई, जिससे स्थिति नियंत्रित हो गई।