फतेहपुर। 25 नवंबर 2020 को जाफरगंज थानाक्षेत्र के सुल्तानगढ़ गांव निवासी सहायक आयकर आयुक्त सुधाकर शुक्ला के घर लूटपाट करने वाले शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस ने उसके पास से लूट की रकम और तमंचा भी बरामद किया है।
सहायक आयकर आयुक्त सुधाकर शुक्ला की तैनाती लखनऊ में है। 25 नवंबर 2020 को उनके घर में दो बदमाश घुसे थे। लूटपाट कर बदमाशों ने फायरिंग भी की थी। लोगों ने घेराबंदी करके पिंकू उर्फ राजू पुत्र मुस्तकीम निवासी छोटी बजरिया जहानाबाद को पकड़ लिया था।
जबकि दूसरा शातिर राजा उर्फ मोबीन पुत्र अनवर फायरिंग करता हुआ वहां से भाग निकला था। पुलिस तब से उसकी खोजबीन में लगी थी। उस पर 50 हजार रुपये का ईनाम घोेषित था। एसपी सतपाल अंतिल ने बुधवार को पुलिस लाइन में बताया कि आरोपी राजा निवासी छोटी बाजार मिया टोला जहानाबाद को गिरफ्तार किया गया है।
उसके पास से लूट के 3130 रुपये, एक तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। उसके खिलाफ जाफरगंज थाने में तीन, चांदपुर में एक, कानपुर के नौबस्ता थाने में एक और उन्नाव जनपद में करीब 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। राजा उर्फ मोबीन को गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर जाफरगंज राजीव कुमार सिंह, स्वॉट प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा व उनकी टीम शामिल है।