फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसों में तीन लोगों की मौत, मचा कोहराम

विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहपुर। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, छह लोग घायल हुए हैं। हादसे गाजीपुर, थरियांव और हुसैनगंज थानाक्षेत्र में हुए। थरियांव में हेलमेट न लगाए होने के कारण बाइक चालक के सिर में गहरी चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। वहीं, गाजीपुर में लकड़ी लेकर पैदल जा रही महिला को टेंपो ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में कानपुर हैलट ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसों का शिकार लोगों के परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन

थरियांव थानाक्षेत्र के रसूलपुर भभैचा गांव निवासी आशीष कुमार दुबे (22) पुत्र दिनेश दुबे बाइक से साथी राजकुमार उर्फ बड़कू पुत्र होरी लाल को लेकर शुक्रवार शाम खेत पर गया था। हाईवे पर स्थित पंप से पेट्रोल भराने के बाद बाइक सवार रात करीब नौ बजे घर लौट रहे थे। भभैंचा गांव किनारे सरिया सीमेंट लदी ट्रैक्टर ट्राली खड़ी थी। ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान सामने से कार आ गई। आंखों में सीधे रोशनी पड़ी तो बाइक सवार अनियंत्रित हो गए। बचने के प्रयास में बाइक ट्रैक्टर से जा टकराई।
बाइक चालक आशीष के सिर और चेहरे में गंभीर चोटें आई। हादसा देखकर ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन आशीष और राजकुमार को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने आशीष को मृत घोषित कर दिया। घायल राजकुमार का इलाज चल रहा है। हादसे से मां चंद्रकला और पिता बदहवास हो गए। आशीष दो भाइयों सत्यम और नीतेश कुमार से बड़ा था। हसवां चौकी प्रभारी विंध्यवासिनी तिवारी ने बताया कि हादसा सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से हुआ है। परिजनों की तहरीर के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

गाजीपुर थानाक्षेत्र के करसवां गांव निवासी दरोगा लोधी की पत्नी लक्ष्मिनिया (35) जंगल से लकड़ी बीनने गई थी। वह लकड़ी का बोझ लेकर घर लौट रही थी। महिला घर के करीब पहुंची, तभी बहुआ से गाजीपुर जा रहे तेज रफ्तार टेंपो ने उसे टक्कर मार दी। रोड किनारे गांव बसा होने के कारण ग्रामीणों की भीड़ लग गई। महिला के परिजन भी मौके पर पहुंचे और घायल महिला को गाजीपुर पीएचसी और फिर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल से कानपुर हैलट रेफर किया गया। हैलट ले जाते समय महिला की रास्ते में ही मौत हो गई। महिला के दो बेटे राजा (18), अनुज (8) और बेटियां राधा (15), अनुराधा (12) हैं। मां की मौत से बेटे और बेटियां का हाल बेहाल दिखा। राजा ने बताया कि मां खाना पकाने के लिए लकड़ियां लेकर जंगल से आ रही थीं। वह और उसका पिता मजदूरी करते हैं। जिससे किसी तरह परिवार का भरण पोषण होता है। उनके परिवार को किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला है। उज्ज्वला योजना का लाभ भी नहीं मिला है। थानाध्यक्ष कमलेश पाल ने बताया कि टेंपो और चालक को पकड़ा गया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
हुसैनगंज थानाक्षेत्र के सैंबसी गांव निवासी फूल सिंह का बेटा पुत्तूलाल (21) घर से शुक्रवार सुबह मजदूरी करने निकला था। वह देर शाम तक घर नहीं पहुंचा था। रात करीब नौ बजे थाने के सामने बीच रोड पर पुत्तूलाल को पुलिस ने लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। पुलिस आनन-फानन उसे सीएचसी लेकर पहुंची। पुलिस को तलाशी में पहचान पत्र मिला। पहचान पत्र के जरिए परिजनों को सूचना देकर बुलाया। सीएचसी से परिजन जिला अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टर ने हालत नाजुक देखकर हैलट रेफर किया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में करीब रात 11 बजे पुत्तूलाल की मौत हो गई। पिता फूल सिंह ने बताया कि बेटे की मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है। थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने बताया कि आशंका है कि हादसा किसी वाहन से गिरने के कारण हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
औंग थानाक्षेत्र के भोलापुर गांव निवासी अखिलेश (30) कल्यानपुर थाने के बड़ौरी टोल प्लाजा के पास बाइकों की भिड़ंत में घायल हुए। शहर के देवीगंज पुल पर एक महिला (40) को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला के सिर पर चोट लगीं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गाजीपुर थाने के धुंधा का डेरा निवासी जगरूप पाल (38) गांव के मोड़ पर बाइक से गिरकर घायल हुए। वहीं, थरियांव के मुराव निवासी सुरेश का बेटा कमल (30) हरिहरगंज रेलवे क्रासिंग के पास ट्रेन से गिरकर घायल हुआ। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें