फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक जमीन के विवाद में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ शुक्रवार रात कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमा दर्ज होने की भनक लगते ही भाजपा नेताओं का कोतवाली परिसर में जमावड़ा लग गया। आरोपी भाजपाइयों ने खुद को गिरफ्तार करने की मांग रखी। रात करीब तीन बजे तक पंचायत चली। कोतवाल ने मुकदमे की निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर भाजपाइयों को शांत किया गया।
शहर के नासिरपुर मोहल्ला निवासी शिवकली पत्नी पुत्तन निषाद की तहरीर पर भाजपा के अभिषेक शुक्ला और रितिक पाल के खिलाफ मारपीट और जमीन कब्जे का मुकदमा दर्ज हुआ। अभिषेक और रितिक पर आरोप है कि 20 जनवरी को मारपीट कर जमीन पर कब्जा किया था। मामले की शिकायत पर पुलिस ने सुनवाई नहीं की थी। मामला दर्ज होने की खबर पर आरोपी नेताओं समेत काफी संख्या में भाजपाई रात करीब 11 बजे गिरफ्तारी देने कोतवाली पहुंच गए।
कोतवाली में अभिषेक शुक्ला ने बताया कि मामला एक माह पहले का है। मामला सही था तो पुलिस ने अब इतने दिनों बाद क्यों एफआईआर की है। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया है तो अब गिरफ्तारी से पीछे क्यों हट रही है। वह लोग गिरफ्तारी देने आए हैं। राजस्व टीम कई बार जमीन की नाप कर चुकी है। विरोधियों ने साजिश कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मामले को लेकर सदर विधायक विक्रम सिंह के प्रतिनिधि चेतन, प्रदेश संगठन के अन्नू श्रीवास्तव सहित कई भाजपाई कोतवाली पहुंचे। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने मुकदमे की धाराओं पर गिरफ्तारी का प्रावधान न होने की बात कही। सीओ सिटी संजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।