फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में सेवानिवृत्त कर्मचारी के खेत की बाउंड्री और गेट जेसीबी से ढहा दिया। इसके बाद जेनरेटर उठा ले गए। विरोध करने पर अराजकतत्वों ने युवक पर फायरिंग की। पुलिस ने जांच के बाद एक महिला समेत 15 के खिलाफ बलवा, डकैती की रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर के आदर्श नगर निवासी सहदेव पाल कानपुर कल्याणपुर केशवपुरम इलाके में परिवार समेत रहते हैं। सरकारी विभाग में कार्यरत रहे हैं। उनके खेत तांबेश्वर नगर हबीबपुर में हैं। खेत के चारों ओर बाउंड्री व गेट लगा था। उनका भतीजा अरुण कुमार खेत की देखभाल करता है।
सहदेव पाल का आरोप है कि आठ फरवरी को खेत पर कब्जा करने की नीयत से रामशंकर पाल उर्फ राजाबाबू और राजकुमारी पाल 15 अज्ञात साथियों के साथ पहुंचे थे। जेसीबी से बाउंड्री ढहाई। भतीजे के विरोध करने पर रामशंकर पाल ने तमंचे से फायर किया। भतीजे ने भागकर जान बचाई। करीब 100 फीट की बाउंड्री और उसमें लगा गेट ढहाया है। आरोपी जनरेटर उठा ले गए। कोतवाली पुलिस ने बुधवार को आरोपियों के खिलाफ बलवा और डकैती की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।