बिंदकी। 29 मई को शादी करने वाले एक युवक को बाइक सवार तीन युवकों ने गांव के बाहर बुलाकर जाने से मारने की धमकी दी। घबराए परिजन कोतवाली पहुंचे और शिकायत की। कन्या पक्ष के लोग भी कोतवाली पहुंचे और उन्होंने कहा कि ऐसी धमकियां उन्हें भी मिल रही हैं।
कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी जुगल कुशवाहा की शादी 29 मई को होनी है। गुरुवार को जुगल कुशवाहा अपने घरवालों के साथ कोतवाली पहुंचे और बताया कि बुधवार की रात करीब नौ बजे बाइक सवार तीन लोग उसके गांव पहुंचे और उसे बहाने से गांव के बाहर बुलाया।
जब वह पहुंचा तो युवकों ने उसे हत्या की धमकी दी और कहा कि वह शादी न करे। इतना ही नहीं तीनों ने जुगल के मोबाइल से कन्या पक्ष के घर फोन लगाकर परिजनों को भी यह धमकी दी और वहां से चले गए। जुगल ने कहा कि युवकों ने शादी करने पर हत्या करने की बात कही है।
वर और कन्या पक्ष दोनों कोतवाली पहुंचे और इसकी शिकायत की। जुगल ने कहा कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और जांच की बात कहकर वापस भेज दिया। प्रभारी कोतवाल आशुतोष सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कराई जा रही है।