प्रेमी के कारण पत्नी ने खाया था जहर
कोतवाली में पति ने दिया बयान, महिला के बयान का वीडियो भी पुलिस को दिखाया
मायके पक्ष का आरोप, पति की प्रताड़ना से हुई मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। आबूनगर के एक नर्सिंग होम में जहर खाने के बाद भर्ती महिला की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। उसके पति ने कोतवाली में बयान दिया कि प्रेमी के कारण पत्नी ने जहर खाया था। उसने महिला के बयान का वीडियो भी पुलिस को दिखाया है। दूसरी ओर महिला के घर वालों ने पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।
बता दें कि कोतवाली क्षेत्र के भैरमपुर गांव की रहने वाली एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसकी मौत 23 अप्रैल को आबूनगर स्थित एक नर्सिंग होम में हो गई थी। माता-पिता के नहीं होने के कारण मायके पक्ष से एक रिश्तेदार ने पति पर आरोप लगाया कि उसकी प्रताड़ना के चलते महिला ने परेशान होकर यह कदम उठाया। वहीं पति का कहना है कि उसकी पत्नी का प्रेम संबंध गांव के एक व्यक्ति से हो गया था। चूंकि वह काफी गरीब है तो इसी बात का फायदा उठाकर युवक ने पत्नी को प्रेम जाल में फंसाया। जब उसे इस बात का पता चला तो उसने पत्नी को मना किया। बावजूद इसके पत्नी युवक के साथ अपना रिश्ता खत्म नहीं कर रही थी। दबाव डालने पर पत्नी ने जहर खा लिया और उसकी मौत हो गई। पति की ओर से पत्नी की मौत से पहले अस्पताल में एक वीडियो भी बनाया गया। इसमें पति के पूछे जा रहे सवालों का जवाब महिला दे रही है। इसमें ससुरालीजनों का कोई दोष नहीं होने की बात कही जा रही है। इंस्पेक्टर कोतवाली सत्येंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच की जा रही है। सभी पक्षों को बुलाया गया है।