खागा। चौकी चौराहे से सरसई गांव जा रहे एक व्यक्ति को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव उठाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों व परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को मोर्चुरी भेज दिया।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के हिसामुद्दीनपुर गांव निवासी अमृत लाल (45) किसान था। वह बुधवार की शाम को मोटरसाइकिल से चौकी चौराहा से सरसई गांव के लिए निकला था। जैसे ही वह नौबस्ता रोड पर मुक्तिधाम के सामने पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक ट्रक ने अमृतलाल को कुचल दिया। हादसे में अमृतलाल की मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर परिजन व गांव के लोग आ गए। जैसे ही खागा पुलिस ने शव को उठाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने हंगामा किया और शव नहीं उठने दिया। इससे सड़क पर जाम लगने लगा। आधा घंटे प्रयास के बाद पुलिस ने शव को मोर्चुरी भेजा। पुलिस ट्रक की तलाश में लगी है।