प्रेमनगर। भाई के साथ साइकिल से लकड़ी काटने जा रहीं दो सगी बहनों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रौंद दिया। हादसे में उनकी मौत हो गई जबकि भाई की हालत गंभीर बताई गई है और उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया और जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची सीओ खागा के समझाने पर करीब आधे घंटे पर ग्रामीणों ने शवों को उठने दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को पकड़ा है, जबकि चालक की तलाश की जा रही है।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के बैरहना गांव निवासी रामसुमेर मौर्य किसानी और मजदूरी करके परिवार चलाते हैं। परिवार में पत्नी के अलावा पुत्र शिवम (15), बेटी शिवानी उर्फ रानी (14) व बिटान देवी (12) हैं। शनिवार सुबह शिवम, रानी और बिटान साइकिल से जंगल लकड़ी काटने जा रहे थे। भवानी पुरवा गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे तीनों पहिये के नीचे आ गए और ट्राली उनके ऊपर से निकल गई।
हादसे में बिटान देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन व ग्रामीण पहुंच गए और सड़क पर जाम लगना शुरू हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची, जिसने शिवम और रानी को जीप से हथगाम सीएचसी पहुंचाया। जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने रानी को मृत घोषित कर दिया और शिवम का इलाज शुरू किया।
परिजन ग्रामीणों के साथ रानी का शव लेकर गांव आ गए और शव को सड़क पर रखकर हंगामा किया और जाम लगाने का प्रयास किया। थाना पुलिस ने रोकने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण अधिकारियों को बुलाने पर अड़ गए। कुछ देर बाद सीओ खागा गयादत्त मिश्र मौके पर पहुंचे और परिजनों से बात की।
सीओ के आश्वासन के बाद दोनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एक ही परिवार में दो मौतों से कोहराम मचा है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष आनंद सिंह भदौरिया ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।