फतेहपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर 18 और 19 नवंबर को रचनात्मकता और संस्कृति का मंच बनेगा। दो दिवसीय कला, क्राॅफ्ट और संस्कृति महोत्सव में जिले के 13 ब्लॉकों के शिक्षक नवाचार, प्रतिभा और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन करेंगे। डायट परिसर में तैयारी तेज हैं और परिसर में उत्सव जैसा माहौल है।
महोत्सव के दौरान पेंटिंग, मूर्ति कला, क्राॅफ्ट, वॉल पेंटिंग, पारंपरिक नृत्य, पपेट शो, रंगमंच, काव्य पाठ, गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक सहित कई कार्यक्रम होंगे। शिक्षक अपनी पसंद की एक विधा में प्रतिभाग करेंगे। उनकी की ओर से तैयार मॉडल, नवाचार सामग्री, शैक्षिक उपकरण और कलाकृतियों की प्रदर्शनी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगी।
डायट प्राचार्य आरती गुप्ता ने बताया कि इसका शिक्षकों में रचनात्मक सोच विकसित करना, नवाचार आधारित शिक्षण को बढ़ावा देना और कला को शिक्षा से जोड़ना है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
तिथि वार ब्लॉक के शिक्षक करेंगे प्रतिभाग
नोडल प्रवक्ता मानवेंद्र सिंह ने बताया कि 18 नवंबर को अमौली, असोथर, बहुआ, धाता, ऐरायां, खजुहा और मलवां ब्लॉक के शिक्षक और 19 नवंबर को नगर क्षेत्र सहित देवमई, विजयीपुर, हथगाम, तेलियानी, भिटौरा और हसवा ब्लॉक के शिक्षक प्रतिभाग करेंगे। प्रत्येक ब्लॉक से कम से कम पांच शिक्षक अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम सुबह 10 से शाम पांच बजे तक आयोजित किया जाएगा।
फोटो-05-जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान। संवाद