प्रदेश के होमगार्ड मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अवधेश प्रसाद ने बुधवार को जीआईसी परिसर में आयोजित समारोह में जिले के 934 छात्र-छात्राओं को कन्या विद्या धन योजना की चेक और 249 लाभार्थियों को लैपटाप वितरित किया।
उन्होंने कहा कि अखिलेश सिंह यादव ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते समय उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की घोषणा की थी, जिसे उन्होंने प्रदेश में विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं लागू कर उत्तम प्रदेश बना दिया है।
प्रभारी मंत्री अवधेश प्रसाद ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके बाद जहानाबाद विधायक नरेश उत्तम और पार्टी जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव की मौजूदगी में डीआईओएस नंदलाल यादव ने प्रभारी मंत्री का बैज अलंकरण, शाल और प्रतीक चिंह्न प्रदान कर स्वागत किया। इस दौरान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज की छात्राओं ने स्वागत गीत पेश किया। जीआईसी की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कन्या विद्या धन, लैपटाप योजना के बाद समाजवादी पेंशन बांटने वाला यह प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है। सीएम ने पांच सौ रुपये महीने की दर से 50 लाख गरीबों के इस पेंशन योजना का लाभ दिया है।
उन्होंने कहा पौने दो लाख शिक्षामित्रों को उनकी सरकार ने शिक्षक बनाकर चुनावी वादा पूरा किया है। डीएम राजीव रौतेला ने कहा कि पिछले दिनों वह कोरिया में प्रशिक्षण के लिए गए थे। प्रदेश में चल रही शिक्षा सुधार की योजनाओं की कोरिया में खूब सराहना हुई है।
वहां पर जब उन्होंने प्रदेश की इन योजनाओं पर लेक्चर दिया तो अधिकारी अचंभे में पड़ गए। इसके बाद अधिकारियों ने उनसे इस संबंध में अलग से वार्ता के बाद सरकार की इन योजनाओं की प्रशंसा की थी। इस मौके पर एसपी कलानिधि नैथानी, सीडीओ रामाश्रय, एडीआईओएस रामखेलावन, जीआईसी के प्रिंसिपल रामेंद्र सिंह के अलावा विनोद कुमार श्रीवास्तव, सतीश द्विवेदी, प्रभूदत्त दीक्षित, विकास प्रताप सिंह, केतकी सिंह यादव व मोहनलाल पासवान आदि मौजूद रहे।