खागा। कोतवाली क्षेत्र के खैरई गांव के जीरी तालाब पर मोहल्ले में ममेरे भाई को हैंडपंप पर बर्तन धोने के विवाद में परिवार के लोगों ने पीटकर मार डाला। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी ममेरे भाई समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस दो को हिरासत में लेकर व अन्य की तलाश में जुटी है।
खागा कोतवाली क्षेत्र के खैरई ग्रामसभा के जीरी तालाब पर रहने वाला नियामतउल्ला (38) अपनी पत्नी अनीशा व दो साल के पुत्र शादाब के साथ राजस्थान में काम के सिलसिले से रहता था। पत्नी अनीशा के गर्भवती होने के चलते एक माह पहले गांव लौटा। उसे कुछ दिन पहले एक पुत्र भी हुआ।
नियामतउल्ला दरवाजे पर लगे सरकारी हैंडपंप पर गुरुवार सुबह करीब नौ बजे बर्तन धो रहा था। पड़ोसी ममेरा भाई इश्तियाक भी हैंडपंप पर बर्तन लेकर धोने पहुंचा। आरोप है कि उसने नियामतउल्ला को दूसरी जगह पर बर्तन धोने के लिए कहा। इसी विवाद में इश्तियाक व उसके परिवार के लोग लाठी डंडा लेकर नियामतउल्ला पर टूट पड़े। सिर पर गंभीर चोट से वह बेहोश होकर वहीं नाली में गिर गया। इसके बाद भी आरोपी उसे पीटते रहे।
शोर सुनकर नियामतउल्ला की पत्नी बच्चे को लेकर बाहर आई और बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उसे भी पीटा। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। परिजन नियामत को सीएचसी हरदों ले गए, जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। नियामत उल्ला के पिता उबैद ने इश्तियाक, दिलशाद, छेद्दू, नौशाद, सद्दाम, जकाकू, साबरीन समेत आठ पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नियामतउल्ला चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। परिवार फकीर बिरादरी का है। यह लोग बेहद गरीब है। आरोपी इश्तियाक भी राजस्थान में गाड़ी चलाने का काम करता है।