फतेहपुर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। अब जिले में ट्रेन से आने वाले यात्रियों की रेलवे स्टेशन पर ही कोरोना जांच होगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने जांच टीम तैनात कर दी है।
मुख्य चिकित्साधिकारी गोपाल कुमार माहेश्वरी ने बताया कि फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर जिला अस्पताल के लैब टेक्नीशियन नीरज कुमार और अमरीश कुमार को यात्रियों की जांच के लिए तैनात किया गया है। इस दौरान यदि कोई संक्रमित मिलता है तो कोरोना प्रोटोकाल के तहत उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम को रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर बैठने के लिए कुर्सी, मेज और स्थान की व्यवस्था करा दी है। टेक्नीशियन की ड्यूटी सुबह तीन बजे से छह बजे और रात आठ बजे से 11 बजे तक होगी। दोनों लैब टेक्नीशियन की ड्यूटी 18 अप्रैल तक रहेगी। लैब टेक्नीशियन प्रतिदिन की रिपोर्ट नोडल अधिकारी डॉ. केके श्रीवास्तव को देंगे।