फतेहपुर। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के 58 केंद्रों में कोरोना के लिए टीकाकरण कराया। महीने के दूसरे दिन 10 हजार के सापेक्ष 6157 लोगों का टीकाकरण हुआ। उधर सुबह से ही केंद्रों में भीड़ रही।
विधायक विकास गुप्ता ने भी जिला अस्पताल पहुंच टीका लगवाया। वह तीस मिनट तक आब्जर्वेशन रूम में बैठे रहे। विधायक ने आम जनमानस से अपील करते हुए कहा कि वह भी टीका लगवाकर खुद सुरक्षित हों और परिवार को भी सुरक्षा प्रदान करें। इसी प्रकार अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने भी अपने परिजनों को साथ जिला अस्पताल में टीकाकरण कराया।
फतेहपुर। सीएमओ डॉ. गोपाल माहेश्वरी ने कई केंद्रों में टीकाकरण की स्थिति देखी। कहा कि वैक्सीन की कोई कमी नहीं है, जिस केंद्र में भी जितनी जरूरत होगी मांग के आधार पर वैक्सीन दी जाएगी। 20 हजार डोज मिल चुकी है, जबकि इतनी ही डोज और आने वाली है। अप्रैल माह में 1.71 लाख लोगों को टीका लगाना है। यह लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाएगा।
फतेहपुर। जिले में भी कोराना संक्रमण बढ़ने लगा है। एक तरफ कोरोना का टीकाकरण हो रहा है तो दूसरी तरफ वायरस लोगों को अपना शिकार बना रहा है। शुक्रवार को जिले में चार और नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसके बाद डीएम ने इन स्थानों में कंटेनमेंट जोन बना दिया है और टीमों को भेजकर जांच के निर्देश दिए हैं।