फतेहपुर। कोरोना एक बार फिर तेजी से पांव पसार रहा है। कोरोना से प्रभावित बहुत से लोग ऐसे हैं, जिनमें कोरोना के लक्षण नहीं दिख रहे हैं। होम आइसोलेशन के लिए शासन की ओर से गाइडलाइन जारी की गई है। फिजीशियन एवं स्वास्थ्य सलाहकार डा. एनके सक्सेना का कहना है कि कोरोना से घबराएं नहीं। यदि किसी कारण कोरोना के प्रभाव में आ जाते हैं तो सावधानी और उपचार से इस पर काबू पाया जा सकता है।
डॉ. एनके सक्सेना का कहना है कि होम आइसोलेशन में जरूरी दवा के साथ दिन में तीन बार भाप जरूर लें और गुनगुना पानी पिएं। ध्यान रखें कि आक्सीजन
लेबल 94 प्रतिशत से अधिक होना चाहिए। कोरोना प्रभावित लोग पल्स ऑक्सीमीटर से दिन में तीन से चार बार ऑक्सीजन लेबल जरूर नापें। कोरोना प्रभावित को सुबह योग व प्राणायाम 40 से 50 मिनट तक करना चाहिए। सांस से संबंधित योग व व्यायाम करें।
उन्होंने कहा कि यदि आप सहज महसूस कर रहे हों तभी योग करें अन्यथा नहीं। अगर कोरोना प्रभावित को बुखार 100 डिग्री फारेनहाइट से ज्यादा है तो डॉक्टर से परामर्श लें। कोरोना गाइड लाइन का पालन जरूर करें।