फतेहपुर। युवक कांग्रेस ने मंगलवार को वर्मा चौराहा से महंगाई के खिलाफ जुलूस निकाला। केंद्र व प्रदेश सरकार के विरोध में नारेबाजी की। कलक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी को लेकर पुलिस कर्मियों और कांग्रेसियों में नोकझोंक हुई। बाद में डीएम को ज्ञापन देकर आम लोगों की समस्याएं हल कराने को कहा गया।
जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश उर्फ राजन तिवारी ने कहा कि एक साल पहले शहर में अतिक्रमण अभियान चलाया गया था। उससे सड़क किनारे की नालियां ध्वस्त हो गई हैं। बारिश का पानी सड़कों में भरता है। इससे कई सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। शहर के गढ़ीवा, कमालपुर, रेयाज कालोनी में हाईटेंशन की लाइन की जर्जर तार हैं। इससे बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। शिवाकांत तिवारी ने कहा कि डीजल, पेट्रोल के बढ़े दाम का बोझ आम जनता पर पड़ गया है। प्याज के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे आम आदमी बाजार से प्याज नहीं खरीद पा रहा है। एआरटीओ आफिस में आम जनता का सीधे काम नहीं होता है। दलाल हावी हैं। वाहनों की चेकिंग में पुलिस कर्मी नए नियमों को लेकर लोगों को परेशान कर रहे हैं। जिले में बनने वाले मेडिकल कालेज व रेलपार्क में शिक्षित युवाओं को नौकरी देने की व्यवस्था अभी से सुनिश्चित की जाए।
इस मौके पर वीरेंद्र सिंह चौहान, पंकज द्विवेदी, अभिषेक तिवारी, मयंक, गोलू, रिशू ठाकुर, मोहन दुबे, मोहम्मद फैजी, कमल दुबे, मोनू सिंह, विनीत मौर्य, मनीष पटेल, गगन प्रताप सिंह, हंसराज सिंह, नवनीत तिवारी, शिवम सिंह आदि मौजूद रहे।